गोल्डन टेंपल में व्लॉगर ने लगाया बदसलूकी का आरोप, वीडियो में रोते हुए बताया अपना अनुभव
एसजीपीसी ने बताया नियम
अमृतसर: श्री हरिमंदिर साहिब में वीडियो बनाने पहुंचे एक ट्रैवल व्लॉगर ने पहरेदारों पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि उसका कैमरा छीन लिया गया, रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाए गए और उसके साथ धक्कामुक्की की गई। उसने हाथ मरोड़ने का आरोप भी लगाया है।
व्लॉगर ने अपने वीडियो में रोते हुए घटना का अनुभव साझा किया। उसके अनुसार, वह रात के समय परिसर में व्लॉग बना रहा था। युवक ने कहा कि वीडियो तैयार करने में उसकी मेहनत और पैसे लगे थे, लेकिन पहरेदारों ने कथित तौर पर कैमरा लेकर रिकॉर्डिंग मिटा दी।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां मौजूद लोगों ने उसे पैर छूने के लिए मजबूर किया। वीडियो में उसने स्वर्ण मंदिर की सुंदरता की सराहना करते हुए पहरेदारों के व्यवहार पर सवाल उठाए।
इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का कहना है कि परिसर में वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने पर पहरेदार रिकॉर्डिंग रोकते हैं। कमेटी ने स्पष्ट किया कि पहरेदारों का काम वीडियोग्राफी रोकना है, मारपीट करना नहीं। युवक के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।