पंजाब में गर्मी से बेहाल लोगो को बारिश ने दी राहत, मौसम विभाग ने जारी लिया आज के लिए येलो अलर्ट

पंजाब में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया है।

Update: 2022-05-24 04:02 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पंजाब में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रविवार रात को हुई बारिश से सूबे के अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने पश्चिम मालवा को छोड़कर माझा, दोआबा और पूर्वी मालवा में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि माझा, दोआबा और मालवा के पूर्वी हिस्से में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। हालांकि 25 से 27 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
सोमवार को मुक्तसर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फिरोजपुर जिले का 42.4 और बरनाला का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही वे घर से बाहर निकलें।
लुधियाना में 18 एमएम बारिश
रविवार की रात लुधियाना में सबसे अधिक 18 एमएम बारिश हुई। इसके बाद पटियाला में 17.6, मोहाली में 11.5 और पठानकोट में 10 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे कम बारिश फिरोजपुर जिले में हुई। यहां 24 घंटे में 0.5 एमएम बारिश हुई।
चंडीगढ़ में बारिश से 7.4 डिग्री गिरा पारा
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से रविवार देर रात चंडीगढ़ में 11.5 एमएम बारिश हुई। इसका असर यह हुआ कि सोमवार को दिन के अधिकतम तापमान में 7.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में प्रवेश करने से पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी पाकिस्तान पर प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण बन गया, जिसके असर से चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा समेत आसपास के राज्यों में हवाएं चलने और बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिली हैं।
रविवार रात 12 बजे के बाद चंडीगढ़ समेत आसपास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जो रुक-रुककर सोमवार रात तक जारी रही। मौसम के इस बदलाव का शहरवासी खूब आनंद उठा रहे हैं। शाम के समय सुखना लेक पर भारी भीड़ जुटी और लोग सैर करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंचकूला में 30.6 डिग्री और मोहाली में तापमान 30 डिग्री रहा। मंगलवार को भी चंडीगढ़ में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है।
Tags:    

Similar News

-->