पंजाब में राहुल गांधी की एंट्री तेज दौरे की तैयारियां शुरू
राहुल गांधी का पंजाब दौरा
चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सितंबर में पंजाब दौरे की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी अपने दौरे की शुरुआत अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर कर सकते हैं। इसके बाद पार्टी की ओर से बस यात्रा निकालने की योजना बनाई जा रही है।
कांग्रेस इस यात्रा के जरिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की कोशिश करेगी। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद करेंगे।
135 किलोमीटर की यात्रा की तैयारी
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी की प्रस्तावित बस यात्रा करीब 135 किलोमीटर की हो सकती है। यात्रा को माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्रों से होकर निकालने की योजना है। पार्टी का उद्देश्य चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना है। यात्रा की शुरुआत अमृतसर से करने की तैयारी है। इसके पहले राहुल गांधी श्री हरिमंदिर साहिब में अरदास कर पंजाब के राजनीतिक अभियान का आगाज कर सकते हैं।
पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी खत्म करने की कोशिश
राहुल गांधी के दौरे को पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह खत्म करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी खेमे के बीच मतभेद की खबरें आती रही हैं। कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि चुनाव से पहले सभी बड़े नेता एक मंच पर नजर आएं और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश जाए। प्रस्तावित यात्रा में पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नेताओं को साथ रखने की तैयारी की जा रही है।
चुनावी अभियान को मिलेगी रफ्तार
पंजाब में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस लगातार संगठनात्मक तैयारियों में जुटी हुई है। पार्टी कमजोर सीटों पर विशेष ध्यान देने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति बना रही है। राहुल गांधी की बस यात्रा को कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान पार्टी किसानों, युवाओं, रोजगार और राज्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा सकती है।
तारीख पर अंतिम फैसला बाकी
हालांकि राहुल गांधी के पंजाब दौरे की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने दौरे की तैयारियों को लेकर राहुल गांधी से चर्चा की है और कार्यक्रम का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। कांग्रेस की कोशिश है कि इस यात्रा के जरिए संगठन को एकजुट किया जाए और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत माहौल तैयार किया जा सके।