Punjab पंजाब: स्थानीय शहर से संगरूर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव रोशनवाला में नवनिर्मित दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के ओवरब्रिज के पास बीती देर रात टमाटर से भरा एक ट्रक पलट गया, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया। इस हादसे में बाल-बाल बचे ट्रक चालक सोनू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने ट्रक में टमाटर लेकर हिमाचल प्रदेश से गुजरात जा रहा था और जब वह भवानीगढ़ से आगे गांव रोशनवाला में नवनिर्मित दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के ओवरब्रिज के पास पहुंचा तो उसके ट्रक के सामने गलत साइड से आ रहे एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में उसका ट्रक सड़क पर बने गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
उसने बताया कि इस हादसे में उसका ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और ट्रक में रखे टमाटरों से भरे सभी क्रेट टूट गए हैं, जिससे टमाटर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए हैं। जिससे उसे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।