Punjab अबोहर : उत्तर भारत के मशहूर ड्रेस डिजाइनर जगत वर्मा के भाई संजय वर्मा की आज सुबह करीब 10:15 बजे बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही शहर में मातम और दहशत का माहौल फैल गया। संजय वर्मा पिछले तीन दशकों से ड्रेस डिजाइनिंग में उत्तर भारत का मशहूर चेहरा माने जाते थे। संजय वर्मा अपने भाई जगत वर्मा के साथ मिलकर शहीद भगत सिंह चौक पर "न्यू वेयर वेल" नाम से मशहूर शोरूम चलाते थे। शोरूम कर्मचारियों के मुताबिक जैसे ही संजय वर्मा अपनी कार से शोरूम के बाहर पहुंचे तो पहले से इंतजार कर रहे हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी और फरार हो गए।
कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब एक दर्जन गोलियां चलाईं, जिससे संजय वर्मा का पूरा शरीर गोलियों से छलनी हो गया। लॉरेंस गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर "आरजू बिश्नोई" नाम के अकाउंट से एक पोस्ट की गई, जिसमें लिखा था- वह हमारे दुश्मनों का साथ देता था।
जो भी हमारे खिलाफ जाएगा, हम उसे खत्म कर देंगे।" इस कथित पोस्ट में यह भी कहा गया कि, "यह हत्या अबोहर के 'वियर वेल' की है। मैं, गोल्डी ढिल्लों, आरजू बिश्नोई और शुभम लोनकर (महाराष्ट्र) इसकी जिम्मेदारी लेते हैं। हमने उसे एक मुद्दे के संबंध में फोन किया था, लेकिन उसने हमें पहचानने से इनकार कर दिया। इसलिए हमने उसे मार डाला, ताकि सभी को पता चले कि हम कौन हैं। हम जो भी करते हैं उसकी जिम्मेदारी लेते हैं, चाहे वह 302 हो या 307... बस इंतजार करें और देखें।" कृपया ध्यान दें कि पंजाब केसरी उक्त पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है।