Punjab: रेलवे लाइन के पास स्थित बिजली गोदाम में भीषण आग लगने से मची अफरा तफरी
Punjab पंजाब: लुधियाना में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सराभा नगर में कॉन्वेंट स्कूल के सामने रेलवे लाइन के पास स्थित एक बिजली के गोदाम में भयानक आग लग गई, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि चारों तरफ धुआं फैल गया और लोगों को इस पर काबू पाना काफी मुश्किल हो रहा था, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
महानगर के पॉश इलाके पखोवाल रोड पर रेलवे क्रॉसिंग गेट के पास स्थित एक सरकारी गोदाम में शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में भयानक आग लग गई, जिससे आसमान छूती आग की भयानक लपटों को देखकर शहर बुरी तरह दहल गया।
कई घंटों तक सुलगती रही आग की भीषण लपटों और कई किलोमीटर तक आसमान में फैले काले धुएं के कारण इलाके में दहशत फैल गई और लोग मामले की जानकारी जुटाने के लिए अपने रिश्तेदारों को फोन करने लगे। बिजली की तारों और कूड़े में लगी आग ने कुछ ही घंटों में भयानक रूप ले लिया। ऐसे में लुधियाना फिरोजपुर रेलवे क्रॉसिंग फाटक के बेहद नजदीक होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगी। आग लगने के कारण माहौल पूरी तरह से डरावना हो गया और इलाका निवासी बुरी तरह से डर गए और इलाके में वाहनों का भारी जाम लग गया। इस दौरान आग की भीषण लपटें और मौके से उठता काला धुआं देखकर मौके से गुजर रहे लोग बुरी तरह से डर गए।
उधर, मामले को लेकर छिड़ी चर्चाओं को देखते हुए पंजाब राज्य बिजली निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया कर्मियों को बुलाकर स्थिति स्पष्ट की कि पक्खोवाल रोड पर लगी भयानक आग का असर बिजली विभाग के बिजली तारों के नेटवर्क में लगे ट्रांसफार्मर पर नहीं बल्कि रेलवे लाइनों के पास एक सरकारी गोदाम में पड़े बिजली तारों के स्क्रैप और कूड़े पर पड़ा है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौके पर न तो बिजली विभाग का कोई बिजली मीटर लगा है और न ही बिजली की तारें क्रॉस हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आग लगने के कारण इलाके की बिजली किसी भी तरह से प्रभावित नहीं हुई है। उधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने भयानक आग पर काबू पाने के लिए लगातार कई घंटों तक कड़ी मशक्कत की।