Punjab : राजपुरा के भोगला गांव में बीती रात एक मामूली पानी की टूटी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच सरकारी टूटी लगाने को लेकर हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने 12 बोर की राइफल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अमरजीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं, जगदीप सिंह, ज्योति और खुशवंत कौर गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक के रिश्तेदार दर्शन सिंह ने बताया कि नल के पानी को लेकर हुए मामूली विवाद में पड़ोसी ने 12 बोर की राइफल से फायरिंग की।
इस संबंधी खेड़ी गंडिया थाने के एसएचओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि पुलिस दर्शन सिंह की शिकायत पर अमरिंद्र सिंह के अलावा उसकी पत्नी दलजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी अभी तक फरार हैं, जिसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। सरकारी अस्पताल राजपुरा की एसएमओ सोनिया जंगवाल ने बताया कि राजपुरा में फॉरेंसिक एक्सपर्ट न होने के कारण मृतक अमरजीत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल भेजा जा रहा है।