Punjab पंजाब: बठिंडा की सरहिंद नहर में रात करीब 11 बजे एक और बड़ा हादसा हो गया, जब रोज गार्डन के पास जॉगर पार्क की तरफ जाते समय एक कार नहर में गिर गई। कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें मौके पर मौजूद एक युवा समाज के कार्यकर्ताओं और आसपास के लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार को जोगानंद निवासी संदीप सिंह चला रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में अचानक एक आवारा पशु आ गया, जिसके कारण वह कार से नियंत्रण खो बैठे और कार नहर में गिर गई।
संदीप ने सूझबूझ दिखाते हुए कार की खिड़की खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की और अपनी जान बचाई। मौके पर अन्य लोग भी उनकी मदद के लिए आ गए। क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। गौरतलब है कि अभी एक हफ्ते पहले भी इसी जगह पर ऐसा ही एक और हादसा हुआ था, जिसमें 11 लोगों से भरी एक वैन नहर में गिर गई थी। उस समय भी सामाजिक संगठनों और आम लोगों की मदद से सभी की जान बचाई जा सकी थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रशासन को सड़कों और नहर किनारे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया है।