Punjab पंजाब: पंजाब के लुधियाना के जगरांव में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां एक युवक ने दोस्त की हत्या कर दी। थाना सदर के अंतर्गत गांव शेरपुर कलां में दोस्त ने दोस्त की हत्या की है। इसकी वजह आईफोन के लिए 30 हजार रुपये का उधार लेना बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर आरोपी दोस्त पर कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय कमलप्रीत सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस को दिए गए बयान में मृतक कमलप्रीत सिंह के पिता कुलवंत सिंह निवासी शेरपुर कलां ने बताया कि बेटे की दोस्ती नजदीकी गांव के रहने वाले युवक यादविंदर सिंह युवक से थी। वह अकसर उसे अपने साथ बाहर ले जाता था। कुलवंत सिंह के अनुसार उन्होंने और उनकी पत्नी ने कई बार बेटे को यादविंदर से दूर रहने की सलाह दी थी। कुछ दिन पहले कमलप्रीत ने बिना उन्हें बताए यादविंदर सिंह से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। जिससे वह मोबाइल फोन खरीद सके।
कमलप्रीत ने पैसे वापस नहीं किए, तो यादविंदर सिंह बार-बार पैसे मांगने लगा। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे यादविंदर सिंह उनके बेटे कमलप्रीत को अपने साथ मोटरसाइकिल पर कहीं ले गया। एक घंटे बाद, करीब 11 बजे यादविंदर सिंह उसे बाइक पर बांधकर अर्ध-बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। परिवार ने जब कमलप्रीत को देखा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कुलवंत सिंह का आरोप है कि यादविंदर सिंह ने पैसे की रंजिश के चलते उसके बेटे को कोई जहरीली चीज पिलाकर या सुंघाकर हत्या की है।इस घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर के एसएचओ सुरजीत सिंह और पुलिस चौकी गालिब कलां के इंचार्ज तरसेम सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर आरोपी यादविंदर सिंह के खिलाफ धारा 84 व 103 बी एन एस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसएचओ सुरजीत सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।