आरोपी मनजिंदर सिंह उर्फ मनी के बारे में पुलिस ने किये कई सनसनीखेज खुलासे

Update: 2023-06-17 13:55 GMT
आरोपी मनजिंदर सिंह उर्फ मनी के बारे में पुलिस ने किये कई सनसनीखेज खुलासे
  • whatsapp icon

लुधियाना | राजगुरु नगर स्थित सीएमएस कंपनी से साढे़ आठ करोड़ की लूट मामले का मुख्य आरोपी मनजिंदर सिंह उर्फ मनी के बारे में पुलिस ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। मनी हलवारा के गांव अब्बूवाल का रहने वाला है। वह आम आदमी पार्टी का सक्रिय सदस्य है।

उसकी मां और भाई को कभी शक नहीं हुआ कि वह किसी अपराध में लिप्त है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मनी आम आदमी पार्टी और नौजवान सभा में रहते हुए पौधारोपण सहित समाजसेवा के अन्य कामों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेता था।

आम आदमी पार्टी ब्लॉक सुधार के सीनियर नेता लक्की अब्बूवाल ने बताया कि मनजिंदर सिंह उर्फ मनी उनकी पार्टी का सक्रिय सदस्य है और नौजवान सभा का सरगर्म सदस्य है। लक्की अब्बूवाल ने कहा कि उन्हें कभी शक नहीं हुआ कि मनी कोई अपराध कर सकता है।

ग्रामीणों के अनुसार, मनी कई बार कंपनी की गाड़ी भी घर लाया करता था और हूटर मारकर गांववासियों पर रौब झाड़ता था। इतने बड़े लूटकांड में मनी के शामिल होने की खबर के बाद से ग्रामीण स्तब्ध हैं।

मनजिंदर सिंह उर्फ मनी खुद को बड़ा नेता साबित करने के लिए खुद विधायक और मंत्रियों से सीधा संपर्क रखता था। आप के कई मंत्रियों, स्थानीय विधायक और अन्य नेताओं के साथ तस्वीरों से उसके घर की दीवारें पटी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, मनी ने ही शिकायत करके गांव के सरपंच रविंदर सिंह धालीवाल को सस्पेंड करवाया था। लोगों के अनुसार, मनी गांव में बनी नौजवान सभा का कर्ताधर्ता था और दिखावे के लिए समाजसेवा भी करता था। 

Tags:    

Similar News