Navodaya Vidyalaya समिति भर्ती परीक्षा में नकल करने के आरोप में 39 लोग पुलिस की गिरफ्त में
Himachal Pradesh.हिमाचल प्रदेश: शिमला में नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) की भर्ती परीक्षा में छोटे ईयरपीस और ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर नकल करने के आरोप में 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 34 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आज यहां यह जानकारी दी। सोमवार शाम को जानकारी साझा करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के रहने वाले हैं, जिन्हें परीक्षा आयोजित करने के लिए बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों से गिरफ्तार किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, मामला तब प्रकाश में आया जब न्यू शिमला परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने आए एक अभ्यर्थी की जांच निरीक्षक ने नकल करने के संदेह में की, क्योंकि वह बार-बार शौचालय जाने की अनुमति मांग रहा था। जांच के दौरान निरीक्षक को उसके पास से एक ब्लूटूथ डिवाइस और एक छोटा ईयरपीस मिला। इसके बाद निरीक्षक ने केंद्र में मौजूद अन्य अभ्यर्थियों की जांच की और कई अन्य को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा। शिमला में एक व्यक्ति को दूसरे अभ्यर्थी की जगह उसी परीक्षा में बैठने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की पहचान हरियाणा निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। वह वास्तविक अभ्यर्थी अजय कुमार की जगह परीक्षा में बैठा था। जांचकर्ता ने जब देखा कि परीक्षा में बैठे अभ्यर्थी के हस्ताक्षर और फोटोग्राफ, दस्तावेज में मौजूद हस्ताक्षर और फोटोग्राफ से मेल नहीं खा रहे थे, तो गड़बड़ी सामने आई। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जो मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 319(2) (छद्मवेश धारण करके धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, कुल 5 एफआईआर दर्ज की गई हैं और मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिमला की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अभ्यर्थियों ने परीक्षा के दौरान धोखाधड़ी करके परीक्षा पास करने के लिए अज्ञात व्यक्तियों को कथित तौर पर 4 लाख रुपये से 12 लाख रुपये के बीच का भुगतान किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रतन नेगी ने रिपोर्ट की पुष्टि की और कहा कि आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) और बीएनएस 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। देशभर में करीब 1,377 गैर-शिक्षण पदों को भरने के लिए एनवीएस परीक्षा आयोजित की जा रही है।