महिला पत्रकारों का अगला राज्य स्तरीय सम्मेलन पटियाला में होगा

Update: 2023-06-01 17:23 GMT

चंडीगढ़। पंजाब सरकार महिलाओं को बनता उचित दर्जा और सम्मान देने के लिए वचनबद्ध है। इसी लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा एवं सामाजिक न्याय, अधिकारिता मंत्री डा. बलजीत कौर ने गुरुवार को प्रेस क्लब चंडीगढ़ में हरदीप कौर की अगवाई वाले दिशा फाउंडेशन की ओर से करवाए गए राष्ट्रीय महिला पत्रकार सम्मेलन में भाग लिया।

जौडामाजरा ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज अधूरा है। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में साहस और उत्साह पैदा करना है। महिला पत्रकारों के लिए ऐसा राज्य स्तरीय कार्यक्रम अगले साल पटियाला में किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य महिला पत्रकारों को अपने पेशे में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करने और उन्हें हल करने को अनुकूल माहौल बनाने के लिए एक मंच तैयार करना है।

जनसंपर्क मंत्री जोडामाजरा ने कहा कि उनकी नजर में महिलाओं का दर्जा बहुत बडा है। समाज में एक महिला की भूमिका मां, बहन और पत्नी की होती है। महिलाओं के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। इसलिए उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम औरतों का सम्मान करें। हर पिता चाहे वह पुलिस में ही हो अपनी बेटी को रात को भेजने में असुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ ऐसे लोग करते हैं जिनको बेटियों की इज्जत के बारे में भी बिल्कुल परवाह नहीं। हमारी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रयत्नशील है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री डा. बलजीत कौर ने कहा कि आज का युग, पुरुष प्रधान युग नहीं रहा। बल्कि हर क्षेत्र में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। आज के युग में हर महिला चाहे घर में हो या बाहर कोई भी काम कर रही हो। उसका हर काम अनुकरणीय है। आज का युग महिलाओं के लिए सभी दिशाओं में विकास करने का अवसर है। उन्होंने महिला पत्रकारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महिलाओं में हर तरह का कौशल होता है। महिलाएं अधिक से अधिक आगे आएं और समाज में अपना नाम रोशन करें।

इस अवसर पर महिला पत्रकारों ने अपने क्षेत्र में पेश आने वाली कठिनाइयों संबंधी अपने अनुभव सांझा किए और जनसंपर्क मंत्री चेतन सिंह जौडामाजरा को मांग पत्र सौंपा। मंत्री ने जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, दिल्ली और ओडिशा से आई महिला पत्रकारों को सम्मानित किया।

Tags:    

Similar News