Ludhiana लुधियाना: नगर निगम की लापरवाही का नमूना यह है कि अभी तक निगम शहर के लोगों को आवारा कुत्तों की समस्या से निजात नहीं दिला पाया है, जिसका नतीजा इन कुत्तों के रूप में सामने आ रहा है जो गलियों से निकलने वाले बच्चों और बुजुर्गों को काट रहे हैं। ताजा मामला शनिवार शाम माधोपुरी इलाके का है। जहां मोहन गली से निकल रहे एक बच्चे को दो आवारा कुत्तों ने काट लिया। जब बच्चा खुद को बचाने के लिए आगे की ओर भाग रहा था तो कुत्तों ने उसे जमीन पर पटक दिया और काटने लगे, लेकिन किसी तरह बच्चा खुद को बचाते हुए वहां से भाग गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी आवारा कुत्तों द्वारा रात को टहल रहे लोगों को काटने के कई मामले सामने आ चुके हैं। 2 दिन पहले भी इसी स्थान पर एक महिला को कुत्तों ने काट लिया था। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़कर कहीं और नहीं भेजा गया तो यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम को तुरंत इस समस्या की ओर ध्यान देना चाहिए और आवारा कुत्तों पर काबू पाने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।