Ludhiana लुधियाना : लुधियाना के बीआरएस नगर मार्केट में बिजली के बिल और एडवांस रकम को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दुकान मालिक ने चार–पांच युवकों के साथ मिलकर अपने ही किराएदार पर हमला कर दिया।पीड़ित किराएदार राज कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:15 बजे उसका मकान मालिक गुरप्रीत उसे बिजली के बिल को लेकर बातचीत के लिए बुलाकर लाया। राज कुमार के अनुसार, वह बिजली बिल की राशि पहले ही दे चुका था, लेकिन सरकारी छुट्टी होने के कारण बिल जमा नहीं हो पाया था और रसीद अभी नहीं मिली थी।
राज कुमार का कहना है कि दुकान मालिक के साथ उसका लिखित एग्रीमेंट है और दुकान लेते समय उसने 40 हजार रुपये एडवांस दिए थे। बातचीत के दौरान दुकान मालिक इस बात से मुकर गया और कहा कि उसे कोई एडवांस नहीं दिया गया। जबकि एग्रीमेंट से जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं। इसी बात को लेकर पहले गाली-गलौच हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि दुकान मालिक ने दुकान का शटर जबरन नीचे गिरा दिया, काउंटर तोड़ दिया और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद मालिक और उसके साथ आए युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला किया, जिसमें किराएदार को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि वह दुकान में पासपोर्ट से संबंधित काम करता है और इस हमले में उसके कार्यालय को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।बीआरएस नगर मार्केट के प्रधान नवीन प्रभाकर ने बताया कि “जब मारपीट हुई, उस समय मैं मौके पर मौजूद नहीं था। हालांकि बिजली बिल के लिए पैसे मेरे सामने ही दिए गए थे।”मामले को लेकर एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।