Ludhiana.लुधियाना: 7 फरवरी की रात बस्ती जोधेवाल में एक डिलीवरी बॉय पुल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान आकाश मल्होत्रा के रूप में हुई है और वह स्विगी में काम करता था। पुल की ऊंचाई करीब 70 फीट है। वह खाना डिलीवर करके रात को घर जा रहा था, तभी अचानक उसकी बाइक खराब हो गई। जब वह पुल पर उसे ठीक करने लगा तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह हवा में उछलकर पुल से नीचे जा गिरा। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसका एक टायर फट गया।
पुलिस को जानकारी देते हुए गुरविंदर सिंह ने बताया कि उसके साले आकाश की 2021 में शादी हुई थी। चार साल बाद उसे बेटा हुआ। आकाश अपने साथी हरविंदर सिंह के साथ डिलीवरी बॉय का काम करता था। वह कुछ सामान डिलीवर करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह बस्ती जोधेवाल पुल पर पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल अचानक बंद हो गई। आकाश मोटरसाइकिल स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था, तभी कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पीड़ित बाइक समेत पुल से नीचे गिर गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। टिब्बा थाना पुलिस ने कल आरोपी सुनील कुमार निवासी गुरु अर्जुन देव नगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।