Ludhiana लुधियाना: जिले में बेखौफ चोरों ने आतंक मचा रखा है। इसी बीच, चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। बीती रात चोरों ने ठाकुर कॉलोनी के पखोवाल रोड स्थित श्री रामस्ता प्राइवेट लिमिटेड फर्म से केबल का तार काटकर सबमर्सिबल बोर्ड उखाड़ने की कोशिश की। लाइट जलने और आसपास हो रहे शोर-शराबे के कारण चोर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
इस मामले में जब थाना प्रभारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा, "हमारे पास स्टाफ की कमी है। अगर हमारे पास पर्याप्त स्टाफ होता, तो कार्रवाई आसान होती। थाने में केवल तीन-चार कर्मचारी हैं, जिन्हें दूसरे इलाकों की भी निगरानी करनी होती है।" स्थानीय लोगों का कहना है कि ठाकुर कॉलोनी में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कॉलोनाइजर और डीलर कॉलोनी को मनमानी पर चला रहे हैं। इसी वजह से इलाके में आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं।