Ludhiana: फोकल प्वाइंट इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां ढंडारी खुर्द की दीप कॉलोनी में एक बेटे ने नशे की सनक में अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। मामूली बहस के बाद आरोपी ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से पिता की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गया।कत्ल का खुलासा तब हुआ जब बंद कमरे के दरवाजे के नीचे से खून बहकर बाहर गली में आने लगा जिसे देख पड़ोसियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सिकंदर चौहान (44) के रूप में हुई है जो अपने 25 साल के बेटे उमेश चौहान के साथ किराए के कमरे में रहता था। रविवार शाम करीब 4 बजे उमेश भांग का नशा करके घर लौटा। घर आते ही उसकी अपने पिता के साथ किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। शोर सुनकर पड़ोसी बीच-बचाव करने भी आए और मामला शांत करवाकर चले गए लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कमरे के भीतर उमेश हैवानियत पर उतारू हो जाएगा। उसने गुस्से में आकर चाकू उठाया और पिता की गर्दन पर तब तक वार किए जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से भाग निकला।
थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कुलबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी बुरी तरह नशे में था। शुरुआती पूछताछ में उसने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि उसके पिता उसकी पत्नी को परेशान करते थे, इसलिए उसने उन्हें मार डाला। हालांकि पुलिस इस दलील को संदेह की नजर से देख रही है क्योंकि आरोपी की पत्नी और मां लुधियाना में नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के गांव में रहती हैं। वहीं, पुलिस ने बताया कि आरोपी को काबू कर लिया है, उससे हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल नशे के प्रभाव में है, जिस कारण उसके बयान बार-बार बदल रहे हैं। पूरी तरह होश में आने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि यह साफ हो सके कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की असली वजह क्या थी या फिर नशे की लत ने ही एक बेटे को अपने बाप का कातिल बना दिया।