Jalandhar जालंधर: जालंधर के नागरा गेट के पास गुरु नानक नगर में देर रात एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लगे वार्षिक मेले में पाँच अज्ञात युवक हथियार लहराते हुए पहुँच गए। राहुल नाम के एक युवक ने जब उन्हें हथियार लहराने से रोका, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। तभी धार्मिक स्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने उनमें से एक को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद हमलावर वहाँ से चले गए।
कुछ देर बाद वही युवक फिर लौटे और राहुल और उसके दोस्त पर छेनी से हमला कर दिया। इस हमले में गुरप्रीत उर्फ गोपी की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने इस दौरान गोलियां भी चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे। हमले के दौरान राहुल किसी तरह घर में छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। फिलहाल, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है।