Jalandhar.जालंधर: पिछले कुछ महीनों में सरकार ने जिले के सरकारी स्कूलों के कायाकल्प के लिए 40 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध करवाई है, ताकि जिले का सर्वांगीण विकास हो सके। स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज सरकारी प्राइमरी स्कूल बाघपुर से सरकारी स्कूलों में दाखिला अभियान की शुरुआत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूलों की चारदीवारी के निर्माण, मरम्मत कार्य, कक्षा-कक्षों के निर्माण, स्कूल ऑफ हैप्पीनेस, स्कूल ऑफ एमिनेंस व अन्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने जैसे कार्यों के लिए सरकार द्वारा 40 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है।
बच्चों से सरकारी स्कूलों में पढ़ने का आह्वान करते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुसार तैयार करके विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि दाखिला अभियान का उद्देश्य बच्चों को सरकारी स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक करना और उन्हें वहां दाखिला दिलाना है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को सिंगापुर व फिनलैंड जैसे देशों में प्रशिक्षण दिया गया है, जो छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी फायदेमंद साबित होगा। प्रवेश अभियान के तहत जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए मंत्री ने कहा कि जिले में आज से शुरू हुए प्रवेश अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक, विद्यार्थी व स्टाफ अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवेश के प्रति जागरूकता पैदा करेंगे।