Jalandhar जालंधर: शहर के मॉडल हाउस के पास कोट मोहल्ला स्थित एक चप्पल फैक्ट्री में बुधवार रात भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुँचे और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।जानकारी के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए पाँच से ज़्यादा दमकल गाड़ियों से पानी की बौछारें की गईं। आग इतनी भीषण थी कि इलाके में धुआँ भर गया और आस-पास की दुकानों को नुकसान पहुँचने का खतरा पैदा हो गया।
लीडिंग फायरमैन नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें रात 10:25 बजे कोट मोहल्ला में आग लगने की सूचना मिली। जब टीम पहुँची, तब तक आग तेज़ी से फैल चुकी थी। शुरुआत में दो गाड़ियाँ भेजी गईं, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त गाड़ियाँ बुलानी पड़ीं।आग लगने के कारणों के बारे में उन्होंने बताया कि आग दिवाली की आतिशबाजी के कारण लगी होगी। फ़िलहाल, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को काफ़ी नुकसान हुआ है।