Punjab.पंजाब: कमालपुर गांव में मंगलवार शाम नशे के आदी व्यक्ति ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर पिस्तौल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक लाभ सिंह (37) शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था। मृतक की पत्नी कुलविंदर कौर ने बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ रह रही थी। लाभ मियानी कस्बे में किराए पर जिम चलाता था और काफी समय से नशे का आदी था। कुलविंदर ने बताया कि वह कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका था, लेकिन नशे की लत नहीं छोड़ पाया था।
मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी पत्नी से नशा खरीदने के लिए पैसे मांगने लगा और पैसे न मिलने पर उसके साथ मारपीट करने लगा। कुलविंदर भागकर पास ही स्थित अपनी ससुराल चली गई। कुछ देर बाद लाभ के पिता सरबजीत सिंह और मां सुरजीत कौर कुलविंदर के साथ उसके घर आए और उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गुस्से में आ गया और घर के आंगन में पिस्तौल से अपने सिर में गोली मार ली। सरबजीत कुछ पड़ोसियों की मदद से अपने बेटे को सरकारी अस्पताल टांडा ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर टांडा एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।