Jalandhar.जालंधर: पंजाब कैडर की 2015 बैच की आईएएस अधिकारी आशिका जैन ने आज स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में डीसी का पदभार संभालते हुए कहा कि जिले में विकास की गति को और तेज करने, लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने तथा बेहतर व समयबद्ध तरीके से सेवाएं प्रदान करने को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासनिक परिसर में पहुंचने पर आशिका को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
उन्होंने एसएसपी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर, एसडीएम व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की तथा जिले से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं व महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में लोगों को हमेशा निर्धारित समय के भीतर आवश्यक सेवाएं प्रदान की जानी चाहिए तथा लोगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस नियुक्ति से पहले वह एसएएस नगर की डीसी थीं। उन्होंने 2018 में नगर निगम जालंधर के संयुक्त आयुक्त तथा 2019 में एडीसी एसएएस नगर के पद पर कार्य किया था।