होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले के चक्क गुजरां गांव स्थित सोनालिका इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के परिसर में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन ने उत्पादन बंद कर दिया। वन्यजीव विभाग की टीम ने बुधवार को करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।

अधिकारियों के अनुसार, देर रात करीब साढ़े 12 बजे सीसीटीवी कैमरों में तेंदुआ दिखाई दिया था। सूचना मिलने पर वन विभाग ने ड्रोन और निगरानी कैमरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया। भारी मशीनों के बीच छिपे तेंदुए को तलाशने में टीम को काफी कठिनाई हुई।

दोपहर करीब 12 बजे तेंदुआ सामान ढोने वाली मशीन के नीचे मिला, जिसके बाद उसे बेहोश कर सुरक्षित पिंजरे में रखा गया। वन्यजीव विभाग के मंडल अधिकारी देविंदर पाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तेंदुए को जंगल में छोड़ा जाएगा। सफल रेस्क्यू के बाद फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

Tags: