एक अधेड़ महिला को उसके रिश्तेदारों ने बीच बाजार पीटा, मुंह को काला भी किया

पंजाब के लुधियाना जिले में बुधवार देर शाम उस समय शर्मनाक वारदात हुई, जब एक अधेड़ महिला को उसके रिश्तेदारों ने बीच बाजार पीटना शुरू कर दिया।

Update: 2022-06-09 16:16 GMT

पंजाब के लुधियाना जिले में बुधवार देर शाम उस समय शर्मनाक वारदात हुई, जब एक अधेड़ महिला को उसके रिश्तेदारों ने बीच बाजार पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं हमलावरों ने महिला की पिटाई की और मुंह पर जूते मारकर काला कर दिया। यही नहीं उसके कपड़े तक फाड़ डाले। सरेबाजार महिला को आरोपी धमकी देते रहे और पीटते रहे। इस दौरान किसी ने आगे आकर बचाने तक की हिम्मत नहीं दिखाई।

यह घटना जहां हुई वहां से थाना डिविजन कुछ ही दूरी पर है। किसी तरह महिला अपनी जान बचाकर थाने की ओर भागी। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाना डिविजन दो में शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है। एक पक्ष की अधेड़ महिला ने बताया कि वह घूम फिर कर कपड़े बेचती है। उसके रिश्तेदारों की लड़की घर से चली गई है। उन्हें शक है कि उसने लड़की को छिपाया है, जबकि उसे इस बारे में कुछ भी पता नहीं है। उसका कहना है कि बुधवार देर शाम को वह अपने घर जा रही थी। जब सिविल अस्पताल के पास पहुंची तो आरोपियों ने उसे घेर लिया।
कुछ महिलाएं और पुरुष थे। महिला का आरोप है कि सरेबाजार उसे बुरी तरह पीटा गया। उसके मुंह पर काला रंग भी लगाया और जूते से मुंह पर कई वार किए गए। वह मुश्किल से जान बचा कर थाने पहुंची, तब जाकर उसकी जान बची। वहीं दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया और वहां महिला से बहसबाजी की गई।
वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि उनकी लड़की कुछ दिनों से लापता है। महिला को उसके बारे में सब कुछ पता है। उसी ने उसे छिपाकर रखा है। मगर वह बता नहीं रही है। उन्होंने पुलिस में भी इसकी शिकायत दी है। कल जब महिला उन्हें रास्ते में मिली तो उनके साथ झगड़ा करने लग गई और मारपीट की भी। उधर, एसआई इंद्र सिंह का कहना है कि दोनों ही पक्षों ने आरोप लगाए गए हैं। दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। पूरा मामला देखने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।










Tags:    

Similar News

-->