Trains में मोबाइल चुराने वाला प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार, होटल में रुकते थे दोनों; काले कारनामे की पूरी कहानी
Trains में मोबाइल चुराने वाला प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार
Ludhiana,लुधियाना। दिल्ली से लुधियाना आ रही ट्रेन से पुलिस ने रविवार को एक प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार कर सात महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जीआरपी प्रभारी पलविंदर सिंह ने बताया कि अमृतसर का रहने वाला प्रेमी जोड़ा मनमीत सिंह और शिल्पी लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन चुराकर गोरे नामक युवक को बेचते थे, जिसकी अमृतसर में रेलवे स्टेशन के पास दुकान है। दुकानदार गोरा मोबाइल फोन को आगे बेचकर प्रेमी जोड़े को उनका हिस्सा दे देता था। इतना ही नहीं यह प्रेमी जोड़ा मोबाइल फोन के अलावा रेल यात्रियों का अन्य कीमती सामान भी चुरा लेता था।
पुलिस के मुताबिक मनमीत मोहाली का रहने वाला है और शिल्पी पानीपत की रहने वाली है। यह दोनों अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में रहते थे और वहीं से ट्रेनों में चढ़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। अब जीआरपी पुलिस अमृतसर में गोरे नामक दुकानदार की तलाश कर रही है। इसके अलावा पुलिस यह भी जानकारी जुटाएगी कि यह प्रेमी जोड़ा किस होटल में और कब से ठहरा हुआ था। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि मनमीत सिंह और शिल्पी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।