दिनदहाड़े तीन राउंड फायरिंग, पुरानी रंजिश में की हत्या, VSSUT में बढ़ी सुरक्षा 

संबलपुर: ओडिशा के संबलपुर जिले में पुरानी दुश्मनी के चलते एक मीट दुकान संचालक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना बुर्ला थाना क्षेत्र के किबरा चौक के पास हुई, जहां हमलावर ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

मृतक की पहचान मोहम्मद अनीस के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनीस और आरोपी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

तीन राउंड फायरिंग में गई जान

जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान आरोपी ने अनीस पर करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली उसके सिर में लगी, जबकि दो गोलियां शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। गोली लगने के बाद अनीस गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बुर्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और जांच शुरू कर दी है।

संदिग्ध हिरासत में हथियार बरामद 

पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे बुर्ला पुलिस स्टेशन में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस वारदात में केवल एक आरोपी शामिल था या इसके पीछे कोई और साजिश भी थी। पुलिस पुरानी रंजिश के अलावा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

गोलीबारी के बाद VSSUT में सुरक्षा बढ़ी

किबरा चौक इलाके में हुई गोलीबारी के बाद वीर सुरेंद्र साई यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (VSSUT) प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW) की ओर से जारी नोटिस में छात्रों को एक दिन के लिए हॉस्टल से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। नोटिस में वार्डन, असिस्टेंट वार्डन और सुरक्षा कर्मचारियों को छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने कहा है कि अगर किसी छात्र को किसी जरूरी काम से हॉस्टल से बाहर जाना है तो उसे पहले वार्डन के माध्यम से संबंधित अधिकारी से अनुमति लेनी होगी।

इलाके में तनाव के बाद पुलिस सतर्क

हत्या की घटना के बाद किबरा चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्क है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में डर का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags: