भुवनेश्वर: ओडिशा में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।मयूरभंज जिले के रायरंगपुर उपखंड में आज सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।मयूरभंज के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने आदेश जारी कर कहा कि सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी स्कूलों के साथ-साथ ओडिशा आदर्श विद्यालय (OAV), केंद्रीय विद्यालय (KV) और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
वहीं, जाजपुर जिले में भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जिला कलेक्टर ने दशरथपुर और बिंझारपुर ब्लॉक के 56 स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, राज्य में कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने भी राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।