राउरकेला: योजना का नाम फलक गोपबंधुपल्ली के लोगों को मुंह चिढ़ा रहा
विकास के नाम पर शहर में केवल नाम फलक लगाए जा रहे
राउरकेला : विकास के नाम पर शहर में केवल नाम फलक लगाए जा रहे हैं। सांसद व विधायक शिलान्यास कर रहे हैं पर काम नहीं हो रहा है। राउरकेला महानगर निगम के वार्ड नंबर 13 अंतर्गत गोपबंधुपल्ली-3 में छह साल पहले बस्ती में ड्रेन व कल्वर्ट निर्माण के लिए आधारशिला रखी गई थी। आइटीडीए से इसका काम होना था पर अब तक न तो काम हुआ और न ही समस्या का समाधान। इसके लिए राशि स्वीकृति के बाद भी काम नहीं होने की शिकायत की गई है। गोपबंधुपल्ली के वार्ड नंबर 13 में समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से लेकर मंत्री व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट किया गया था। सांसद व विधायक के द्वारा योजना पर काम के लिए नाम फलक लगाकर शिलान्यास किया गया पर काम नहीं हुआ और समस्या पूर्ववत बनी है।
सांसद जुएल ओराम ने 14 मार्च 2015 को ड्रेन एवं कल्वर्ट निर्माण के लिए आधारशिला रखी थी। इससे लोगों में उम्मीद जगी थी। इसके लिए सांसद निधि से पानपोष समन्वित आदिवासी विकास विभाग को राशि मुहैया कराई गई पर दोनों में से एक भी काम नहीं हुआ। राशि की स्वीकृति के बावजूद काम नहीं होने पर लोग सवाल उठा रहे हैं। चार साल पहले स्थानीय लोगों के द्वारा तत्कालीन केंद्रीय मंत्री व वर्तमान सांसद जुएल ओराम को पत्र लिखा गया था इसके बाद भी काम नहीं हुआ। इस रास्ते से होकर गोपबंधुपल्ली के आनंद चौक, तेली पाड़ा समेत आधा दर्जन से अधिक बस्ती के 20 हजार से अधिक लोगों का आना जाना होता है। नाली व कल्वर्ट नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में अधिक परेशानी होती है। इस ओर सांसद का ध्यान आकृष्ट कर शीघ्र पहल करने का अनुरोध किया गया है।