Gajapati गजपति: ओडिशा के गजपति जिले में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र द्वारा कम वजन वाले बच्चों के लिए दिए जाने वाले विशेष ‘सत्तू’ को खाने के बाद दो बहनों की संदिग्ध रूप से भोजन विषाक्तता से मौत हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी। घटना रविवार को आर उदयगिरि ब्लॉक के रामगिरि गांव के तुलसी नगर में हुई। मृतकों की उम्र छह और तीन साल थी। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी बहन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि छोटी ने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
डॉक्टरों ने बताया कि एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक अन्य बहन और उनके पिता की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिला कलेक्टर बिजय कुमार दाश ने पीटीआई-भाषा से कहा, “हमने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि गांव के अन्य परिवारों को भी यही विशेष सत्तू मिला था, लेकिन उनकी ओर से कोई शिकायत नहीं आई। सरकार ने बीमार पिता और बेटी के समुचित इलाज के लिए सभी इंतजाम किए हैं।” अधिकारियों ने बताया कि मृतक के घर से ‘सत्तू’ का थैला बरामद किया गया और उसे जांच के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जांच रिपोर्ट आने तक सत्तू वितरित न करने को कहा गया है। मृतक को अस्पताल लाने वाली आशा कार्यकर्ता ने बताया कि मृतक को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत थी।
Tags: