संबलपुर : कोलकाता-मुंबई राजमार्ग पर स्थित बरगढ़ जिला के अत्ताबिरा थाना अंतर्गत गोड़भगा इलाके में कहीं डकैती डालने की योजना बनाते पांच संदिग्ध डकैतों को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार डकैतों में तीन संबलपुर और दो बरगढ़ जिला के हैं। इनके पास से पुलिस ने चाकू, भुजाली, लोहे का रॉड, मिर्ची पाउडर, मोबाइल फोन, नकद 1520 रुपए और दो स्कूटी जब्त किया है। बताया गया है कि बरगढ़ जिला में पदस्थ नए पुलिस अधीक्षक स्मिथ पी.परमार के निर्देश पर इनदिनों अपराधी तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान शुरु किया गया है। रात्रि गश्त भी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में, 15 जून की रात अत्ताबिरा पुलिस ने गश्त के दौरान गोड़भगा इलाके में डकैती डालने की तैयारी करते संबलपुर जिला के बरेईपाली इलाके के सुखदेव सुना उर्फ देव, फाटक निकटस्थ गंगाधर मेहेर विश्वविद्यालय इलाके के संकेत मिश्र और बुर्ला थाना अंतर्गत कदमपाड़ा के राजू नाग समेत बरगढ़ जिला के टाउन थाना अंतर्गत बिशीपाड़ा के सुशांत मेहेर और बांदुतिकिरा के प्रभाष मेहेर उर्फ पिंकू को गिरफ्तार किया। इन डकैतों के खिलाफ बरगढ़, संबलपुर और झारसुगुड़ा जिला के विभिन्न पुलिस थानों में 19 से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं।
Tags: