Odisha ओडिशा: ओडिशा के गंजम के खलीकोट इलाके में भीषण सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (NH-16) पर लंगलेश्वर के पास बालुंकेश्वर नामक यात्री बस एक ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिसमें 30 से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस भुवनेश्वर की ओर आ रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पीछे से तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक, कंडक्टर और हेल्पर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायलों को खलीकोट अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद विशेष बस से उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद से इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ट्रक चालक और अन्य जिम्मेदार लोगों की तलाश कर रही है।