Bhawanipatna भवानीपटना: ओडिशा के कालाहांडी जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 26 पर एक सहायक उपनिरीक्षक का जला हुआ शव मिला। एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान कोरापुट जिले के बोरीगुम्मा इलाके के मूल निवासी पाबित्र गोलापी के रूप में हुई है। वह भवानीपटना रिजर्व पुलिस कार्यालय में तैनात था। जूनागढ़ पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक शेषदेव बेहरा ने बताया कि आग में जली उसकी मोटरसाइकिल भी उसके शव के पास बनमालीपुर इलाके में मिली।
बेहरा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलापी जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह एक खड़े ट्रक से टकरा गई और उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि मौत के असली कारण का पता जांच से ही चल पाएगा। उन्होंने बताया कि मौके से फरार हुए ट्रक को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घटना की सभी कोणों से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।