जयपुर: ओडिशा के कोरापुट ज़िले की बोरिगुम्मा पुलिस ने एक कथित अंतर-राज्यीय अपराधी गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ़्तार किया है, जिनमें कुख्यात लुटेरा टूना हरिजन उर्फ़ साइमन नाग भी शामिल है। पुलिस ने देसी बंदूकें, ज़िंदा कारतूस, हथियार और 50 लाख रुपये से ज़्यादा कीमत के सोने-चांदी के गहने ज़ब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह ओडिशा के कई ज़िलों और पड़ोसी राज्यों में चोरी और डकैती की कई घटनाओं में शामिल था। टूना हरिजन पर 25 अगस्त को पुलिस पर गोली चलाने का भी आरोप है और वह इस घटना के बाद से ही फ़रार था।
खबरों के अनुसार, कोरापुट SP की अगुवाई में बनी तीन सदस्यों की स्पेशल टीम के ऑपरेशन के बाद पुलिस ने टूना को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर इलाके से 3 सितंबर को गिरफ़्तार किया। इसके बाद उसे रिमांड पर लिया गया, जिसके दौरान पुलिस ने गिरोह की कथित गतिविधियों की जांच की।
गिरफ़्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान राम हरिजन, मंगल दान हरिजन, पुरंदर सराफ़, महेंद्र मेहेर, मोहन आचार्य, बेनु माधव सारंगी, राजेश बिशोई और नीलू सामंतराय के तौर पर हुई है।पूछताछ के दौरान, टूना ने कथित तौर पर कई मामलों में शामिल होने की बात कबूल की, जिनमें मंदिरों में चोरी और डकैती, घरों में सेंधमारी और पुलिस पर हमला शामिल है।पुलिस ने बताया कि उसके ख़िलाफ़ अलग-अलग ज़िलों में 40 से ज़्यादा मामले दर्ज हैं, इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी करीब 10 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने पांच देसी बंदूकें, ज़िंदा कारतूस, हथियार, 50 लाख रुपये से ज़्यादा कीमत के सोने-चांदी के गहने, 50,000 रुपये नकद और चार गाड़ियां (जिनमें एक मोटरसाइकिल भी शामिल है) ज़ब्त की हैं। रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद, सभी नौ आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Tags: