नागालैंड: नॉर्थ ईस्ट यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ, एकता और युवा शक्ति का उत्सव
Chumoukedima चुमौकेदिमा। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय और राज्य के युवा संसाधन एवं खेल विभाग के सहयोग से आयोजित 9वां नॉर्थ ईस्ट यूथ फेस्टिवल 2026 नागालैंड के चुमौकेदिमा फुटबॉल स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में राज्यपाल नंद किशोर यादव मौजूद रहे।
राज्यपाल ने समारोह में सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उत्सव पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के युवाओं के बीच एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने, बातचीत करने और स्थायी मित्रता बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस वर्ष के यूथ फेस्टिवल का विषय “अष्टलक्ष्मी: सेलिब्रेट एट फोर्स ऑफ यूथ एंड प्रोग्रेस” है। राज्यपाल ने कहा कि यह विषय क्षेत्र के युवाओं की ऊर्जा, विविधता और अपार क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में युवा संसाधन एवं खेल सलाहकार एस. के ओशु यिमखिउंग ने भी प्रतिभागियों और अतिथियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस महोत्सव को पूर्वोत्तर के युवाओं की प्रतिभाओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने का मंच बताया। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे पूरे मनोयोग से कार्यक्रमों में भाग लें और एक-दूसरे की संस्कृतियों का सम्मान करें।
राज्यपाल ने आयोजकों, मंत्रालय, राज्य सरकार और सभी हितधारकों के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह महोत्सव युवाओं के लिए सार्थक और यादगार अनुभव साबित होगा।
इस महोत्सव में देशभर से युवा प्रतिभागी, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और एमवाई भारत के प्रतिनिधि शामिल हैं। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं में आपसी सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है।
नॉर्थ ईस्ट यूथ फेस्टिवल 2026 के दौरान विभिन्न खेल, सांस्कृतिक और शिक्षा-संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और क्षेत्रीय एकता का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।