Meghalaya मेघालय: शिलांग लिटरेरी फेस्टिवल 2026 के तहत आज नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में इसके प्रील्यूड का भव्य उद्घाटन किया गया। दो दिन चलने वाला यह नेशनल प्रील्यूड कार्यक्रम मेन शिलांग लिटरेरी फेस्टिवल की तैयारियों का अहम हिस्सा है, जो 12 से 14 नवंबर 2026 के बीच शिलांग में आयोजित किया जाएगा।

इस आयोजन में साहित्य, शासन, सिनेमा, पत्रकारिता और क्रिएटिव आर्ट्स से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। मेघालय सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और साहित्यिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना है।

आयोजन का मुख्य लक्ष्य मेघालय के क्रिएटिव इकोसिस्टम को मजबूत करते हुए उसकी राष्ट्रीय पहचान को बढ़ाना है। इसके साथ ही इस पहल के माध्यम से कल्चर-लेड टूरिज्म को बढ़ावा देने, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राज्य को कला, साहित्य, संगीत और विचारों के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के पहले दिन की एक प्रमुख विशेषता मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा और वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता के बीच हुई संवादात्मक चर्चा रही। इस बातचीत में नेतृत्व, शासन व्यवस्था, युवाओं की आकांक्षाओं, संस्कृति और पूर्वोत्तर भारत की बदलती पहचान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मेघालय की क्रिएटिव इकॉनमी और निरंतर सांस्कृतिक आयोजनों के कैलेंडर को मजबूत करने पर भी विचार साझा किए गए।

अधिकारियों के अनुसार, यह प्रील्यूड कार्यक्रम न केवल साहित्यिक और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देगा, बल्कि शिलांग लिटरेरी फेस्टिवल को एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मेघालय सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजन राज्य को पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के नए अवसर प्रदान करेंगे, जिससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को भी व्यापक मंच मिलेगा।

Tags: