Manipur मणिपुर: राज्य फ़िल्म विकास सोसायटी (MSFDS) द्वारा आयोजित संगाई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 का भव्य उद्घाटन आज MSFDS पैलेस ऑडिटोरियम में किया गया। यह फिल्म फेस्टिवल प्रतिष्ठित ‘मणिपुर संगाई फेस्टिवल’ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे राज्य पर्यटन विभाग द्वारा 21 से 28 नवंबर तक मेगा टूरिज्म फेस्टिवल के रूप में मनाया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में फ़िल्म जगत, कला, संस्कृति और पर्यटन से जुड़े कई प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर MSFDS के सचिव सुंजू बाचस्पतिमयुम ने बताया कि यह फेस्टिवल मणिपुर की कला और सिनेमा को दुनिया के सामने पेश करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा, “हम 7वां संगाई फिल्म फेस्टिवल मणिपुर संगाई मेगा टूरिज्म फेस्टिवल के तहत आयोजित कर रहे हैं, जो 21 से 28 नवंबर तक चल रहा है। फिल्म फेस्टिवल 24 से 28 नवंबर तक पांच दिनों तक चलेगा और इसमें चार क्यूरेटेड कलेक्शन प्रदर्शित किए जाएंगे।”
उन्होंने आगे बताया कि यह फेस्टिवल न केवल स्थानीय फिल्मों के लिए, बल्कि देश-विदेश की फिल्मों के आदान-प्रदान और सांस्कृतिक मेल-जोल को बढ़ावा देने का भी एक माध्यम है। इसका मकसद युवा फिल्मकारों को प्रोत्साहित करना और उत्तर-पूर्व भारत के सिनेमा को मुख्यधारा में मजबूत पहचान दिलाना है। फेस्टिवल में प्रदर्शित चार क्यूरेटेड कलेक्शन में विभिन्न विषयों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय फिल्मों का चयन किया गया है। इनमें लैंडस्केप, संस्कृति, सामाजिक मुद्दे, और आधुनिक तकनीक का सिनेमा पर प्रभाव जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई है। आयोजकों का कहना है कि इन फिल्मों का चयन विशेषज्ञों की टीम ने किया है, ताकि दर्शकों को उच्च गुणवत्ता वाली विविध सामग्री उपलब्ध हो सके।
MSFDS पैलेस ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में नृत्य और संगीत कार्यक्रमों से मणिपुरी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। दर्शकों ने फिल्मों की स्क्रीनिंग से पहले पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। अधिकारियों के अनुसार, पूरे फेस्टिवल के दौरान अलग-अलग सेमिनार, मास्टरक्लास और इंटरैक्टिव सेशंस भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें फिल्म इंडस्ट्री के विशेषज्ञ अपनी अनुभव साझा करेंगे।
मणिपुर का संगाई फेस्टिवल पहले से ही देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। ऐसे में संगाई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के जुड़ने से इस आयोजन की सांस्कृतिक महत्ता और बढ़ गई है। पर्यटन विभाग का मानना है कि यह पहल न केवल मणिपुर की सांस्कृतिक धरोहर को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों और फिल्मकारों को नया अवसर भी प्रदान करेगी। फिल्म फेस्टिवल के आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी प्रतिष्ठित होगा और मणिपुर उत्तर-पूर्व के फिल्म उद्योग का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।
Tags: