लोकल ट्रेन में महिला को प्रसव, युवक ने वीडियो कॉल से कराई सुरक्षित डिलीवरी

Update: 2025-10-17 15:27 GMT
Mumbai मुंबई। मुंबई की लोकल ट्रेन में गुरुवार देर रात एक असाधारण घटना सामने आई, जब विकास बेद्रे ने वीडियो कॉल पर डॉक्टर के निर्देशों से एक महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई। यह घटना गोरेगांव के राम मंदिर स्टेशन पर हुई। महिला की पहचान अंबिका झा (24) के रूप में हुई है, जो अपने दो छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रही थीं। जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय विकास बेद्रे ट्रेन से यात्रा कर रहे थे, तभी बगल के डिब्बे में महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। विकास ने ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन रोकी और तुरंत मदद के लिए दौड़े। नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन रात का समय होने के कारण कोई उपलब्ध नहीं था।
स्थिति गंभीर देख, विकास ने अपनी परिचित गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. देविका देशमुख को वीडियो कॉल किया। डॉक्टर ने चरणबद्ध तरीके से डिलीवरी कराने के निर्देश दिए। विकास ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद चायवाले से कैंची ली और यात्रियों से चादरें मंगाईं। डॉक्टर के निर्देशानुसार उन्होंने गर्भनाल काटकर सुरक्षित डिलीवरी पूरी की। कुछ ही देर में बच्चा जन्मा और उसकी रोने की आवाज सुनते ही उपस्थित लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद महिला को निजी एंबुलेंस से कूपर अस्पताल, जुहू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां और बच्चे को स्वस्थ बताया।
विकास ने कहा, “यह पल मेरे जीवन का सबसे बड़ा इम्तिहान था। बच्चे की आवाज़ सुनते ही लगा कि भगवान ने मुझे एक नई ज़िंदगी देने का अवसर दिया।” सोशल मीडिया पर विकास को अब ‘रियल लाइफ रैंचो’ कहा जा रहा है। लोगों ने उनकी फोटो और वीडियो साझा कर उनकी साहस और सूझबूझ की सराहना की। दरअसल, 2009 में आई फिल्म 3 Idiots में आमिर खान का किरदार रैंचो भी वीडियो कॉल पर डिलीवरी कराता है, बिल्कुल वैसे ही जैसे विकास ने किया। रेलवे अधिकारियों ने भी विकास की तत्परता और मानवीय संवेदना की खूब सराहना की।
Tags:    

Similar News