Thane ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 17 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने एक ट्यूशन शिक्षक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
50 वर्षीय आरोपी भयंदर में निजी ट्यूशन क्लास लेता था और उसी इलाके में स्थित पीड़िता के घर भी उसे पढ़ाने जाता था। उसने बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए) कोर्स की प्रथम वर्ष की छात्रा पीड़िता को उसके करियर के विकास पर चर्चा करने के बहाने बहलाया और कथित तौर पर अपनी कक्षा में उसके साथ छेड़छाड़ की। नवघर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाद में आरोपी ने पीड़िता के साथ अक्टूबर 2023 और नवंबर 2024 के बीच कई मौकों पर अपनी कक्षाओं के साथ-साथ उसके घर पर भी बलात्कार किया, जब आसपास कोई नहीं था। पीड़िता ने हाल ही में अपनी मां को अपराध के बारे में बताया और बाद में दोनों ने पुलिस से संपर्क किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(डी) (बलात्कार), 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और 351(2) (आपराधिक धमकी) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।