palghar पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में एक इमारत का एक हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
घायलों को मुंबई के बाहरी इलाके विरार और नालासोपारा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि वसई के नारंगी रोड पर स्थित चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा रात करीब 12.05 बजे पास की एक चॉल पर गिर गया।
वसई-विरार नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बचावकर्मियों ने अब तक मलबे से 11 लोगों को निकाला है, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हैं और उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की दो टीमों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया। पालघर के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा बगल की चॉल पर गिर गया। उन्होंने बताया कि मलबे में कई निवासी फंस गए हैं।