पुणे महोत्सव का उद्घाटन करेंगे नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस, 2 सितंबर को होगा शुभारंभ
पुणे महोत्सव का उद्घाटन करेंगे नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस
पुणे: 34वां पुणे महोत्सव (Pune Festival) इस साल 2 सितंबर से शुरु होगा। महोत्सव (Festival) का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Union Minister Nitin Gadkari) और राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ( Devendra Fadnavis) करेंगे। इस मौके पर अभिनेता सुनील शेट्टी मौजूद रहेंगे। महोत्सव का उद्घाटन समारोह गणेश कला क्रीड़ा मंच में 2 सितंबर को शाम 5 बजे होगा, ऐसी जानकारी महोत्सव के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल और मुख्य आयोजक डॉ. सतीश देसाई ने बताया। इस अवसर पर आबेदा इनामदार उपस्थित थी।
देसाई ने कहा कि इस साल का त्यौहार उद्योगपति राहुल बजाज को समर्पित किया गया है, जिन्होंने पुणे का नाम वैश्विक स्तर पर पहुंचाया। उद्घाटन समारोह में दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी गणेश वंदना करेंगी। उद्घाटन समारोह में राज्य के पर्यटन और पर्यावरण मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, सांसद गिरीश बापट, पर्यटन विकास महामंडल के प्रबंध निदेशक राजेश पाटिल आदि शामिल होंगे।
एस.बी. मुजुमदार को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा
इस वर्ष के उत्सव में सिम्बायोसिस शिक्षा संस्थान के संस्थापक डॉ. एस. बी. मुजुमदार को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। साथ ही पं. भीमसेन जोशी, गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर, शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे, पं. शिव कुमार शर्मा, दिलीप कुमार को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी जाएगी। ऑस इंडिया मुशायरा, अशोक हांडे का 'आजादी का अमृत महोत्सव', शास्त्रीय गायक राहुल देशपांडे का संगीत कार्यक्रम, मिस पुणे महोत्सव प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा।