Maharashtra महाराष्ट्र। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में एक नया इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने शक्तिशाली ऑस्ट्रेलिया को मात देकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। इस शानदार उपलब्धि पर ADG फोर्स कृष्णा प्रकाश ने भारतीय खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि अब देश की बेटियां भी मैदान पर वही कमाल दिखा रही हैं, जो कभी भारतीय पुरुष टीम के नाम से जाना जाता था।
उन्होंने कहा, “पहले हम भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन पर गर्व करते थे, लेकिन अब यह गौरव भारतीय महिला खिलाड़ियों के नाम है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य चेज़ कर इतिहास रचा है। यह जीत सिर्फ क्रिकेट की नहीं, बल्कि भारत की महिलाओं की ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक है।”
कृष्णा प्रकाश ने यह भी कहा कि देशभर की बेटियों के लिए यह जीत प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा, “आज भारतीय महिला खिलाड़ी न सिर्फ खेल के मैदान में बल्कि हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही हैं। यह समय है जब हमें उन्हें और अधिक प्रोत्साहन और संसाधन देने चाहिए, ताकि वे विश्व स्तर पर भारत का नाम और ऊँचा कर सकें।”
भारतीय महिला टीम का यह प्रदर्शन पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर टीम की कप्तान और खिलाड़ियों को बधाइयों से भर दिया है। कई दिग्गजों ने इस जीत को भारतीय क्रिकेट में “नए युग की शुरुआत” बताया है।