मुंबई: महाराष्ट्र में संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई के लोअर परेल स्थित मफतलाल टॉवर में आधुनिक आदर्श सह-उप-पंजीयक कार्यालय का उद्घाटन किया। इसे पासपोर्ट कार्यालय की तर्ज पर प्रायोगिक आधार पर शुरू किया गया है।

इस कार्यालय में डिजिटल सुविधाओं, आधुनिक तकनीक और बेहतर नागरिक सेवाओं के माध्यम से संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जाएगा। नागरिकों को निर्धारित तारीख और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचना होगा।

नई व्यवस्था में दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद नागरिकों को टोकन जारी किया जाएगा। इससे लंबी कतारों और अनावश्यक प्रतीक्षा को कम करने में मदद मिलेगी। पंजीकरण के बाद दस्तावेजों की स्कैनिंग, गुणवत्ता जांच और सरकारी डिजिटल प्रणाली पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कार्यालय में स्वागत कक्ष, नागरिक सहायता केंद्र और आधुनिक प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। सरकार का उद्देश्य नागरिकों का समय बचाने के साथ पंजीकरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।

उद्घाटन समारोह में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: