Nashik नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले के द्वारका के काठे गली इलाके में एक दरगाह के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा है. इस बीच आज नगर निगम इस अनधिकृत धार्मिक स्थल को तोड़ रहा है. इलाके में आज भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. नगर निगम ने 15 दिन पहले नोटिस जारी कर कहा था कि यह धार्मिक स्थल अनधिकृत है. 15 दिन के अंदर अतिक्रमण हटा लें, नहीं तो नगर निगम कार्रवाई करेगा. 4 अधिकारी, 11 पुलिसकर्मी घायल इस बीच मंगलवार आधी रात के करीब इलाके में काफी हंगामा हुआ. रात में बिजली गुल होने के कारण भीड़ ने फायदा उठाया और अवैध दरगाह हटाने गई नगर निगम की टीम और पुलिस पर पथराव कर दिया|
इसमें 4 अधिकारी और 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए. पांच वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. इलाके में विवादास्पद धार्मिक स्थल को लेकर अफवाह फैलने से तनाव की स्थिति पैदा हो गई. रात में 500 पुलिसकर्मी तैनात थे और भीड़ 400 से ज्यादा थी एक अप्रैल को जारी हुआ था नोटिस 22 फरवरी को भी नगर निगम ने अनधिकृत धार्मिक स्थलों से अतिक्रमण हटाया था. इसके बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया कि पूरा धार्मिक स्थल अनधिकृत है, आज अतिक्रमण पूरी तरह से हटा दिया जाएगा. कोर्ट के आदेश पर नगर निगम ने एक अप्रैल को अवैध दरगाह को नोटिस जारी किया था. नासिक पुलिस ने इलाके में ट्रैफिक रूट भी बदल दिया है|
'दरगाह हटाकर मंदिर बनाएं' बता दें कि फरवरी में समस्त हिंदू समाज ने मांग की थी कि इस कथित अवैध धार्मिक स्थल को तोड़कर उस स्थान पर बजरंग बली का मंदिर बनाया जाए. इसे लेकर हिंदू कार्यकर्ताओं ने शनिवार (22 फरवरी 2025) को बड़े विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी. इसकी जानकारी होते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. साथ ही इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया. विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कुछ साधु-संतों को हिरासत में भी लिया था|