Nagpur नागपुर : नागपुर के सोनेगांव तालाब में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तैरने गए 40 वर्षीय सतीश रविप्रसाद त्रिपाठी की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।मृतक सतीश त्रिपाठी सिविल लाइंस स्थित उत्कर्ष अनुराधा अपार्टमेंट में रहते थे। रविवार को वे अपने मित्र रोशन लक्ष्मण गोयले (36), निवासी बजरंगनगर, के साथ तालाब परिसर में घूमने पहुंचे थे।
बातचीत के दौरान सतीश ने तालाब में तैरने की इच्छा जताई और पानी में उतर गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तैरते समय सतीश तालाब की गहराई में मौजूद गाद में फंस गए। उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते वे पानी में डूब गए। यह दृश्य देख उनके दोस्त ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सोनेगांव पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने तालाब से शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर बिना सुरक्षा व्यवस्था के तालाबों में तैरने के खतरों को उजागर कर दिया है।