मुंबई : DRI ने 4.86 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की तस्करी कर रहे अमेरिकी नागरिक को पकड़ा
Maharashtra महाराष्ट्र : राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कहा है कि हाल ही में 4.86 करोड़ रुपये के सोने की तस्करी के आरोप में एक अमेरिकी नागरिक एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का सदस्य है और इस मामले के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण निहितार्थ हैं तथा इसमें गंभीर आर्थिक अपराधों में संलिप्त विदेशी नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि डीआरआई ने 21 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ए कोटेचा और उनकी 13 वर्षीय बेटी को रोका। मां और बेटी दुबई होते हुए शिकागो से आई थीं। उन्होंने बताया कि किशोरी की व्यक्तिगत तलाशी में 4.86 करोड़ रुपये मूल्य का 5,466 ग्राम सोना युक्त एक कस्टमाइज्ड वास्कट बरामद हुआ। किशोरी यात्री ने अधिकारियों को बताया कि सोने की छड़ें युक्त जैकेट उसे उसकी मां ने दी थी। उसने कहा कि उसे नहीं पता था कि सीमा शुल्क अधिकारियों के समक्ष घोषित किए बिना भारत में सोना लाना अपराध है। अधिकारियों ने आगे दावा किया कि यात्री सोने से संबंधित दस्तावेज पेश करने में सक्षम नहीं थे। एक अधिकारी ने कहा, "आरोपी एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का महत्वपूर्ण सदस्य है और इस मामले के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रभाव हैं तथा इसमें गंभीर आर्थिक अपराधों में लिप्त विदेशी नागरिक शामिल हैं।"