मुंबई: मुंबई में नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। समता नगर पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान 15 से अधिक नाबालिग बच्चियों से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार मुंबई के समता नगर पुलिस थाना क्षेत्र के हनुमान नगर इलाके में रहने वाली 14 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने, उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया और इसी का फायदा उठाकर उसका लगातार यौन शोषण किया।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई वीडियो सामने आया है। जब्त किए गए मोबाइल फोन में 15 से अधिक नाबालिग बच्चियों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। इस जानकारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये वीडियो किन परिस्थितियों में बनाए गए और इनमें कितने लोग शामिल हैं। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं अन्य नाबालिग बच्चियां भी इस शोषण का शिकार तो नहीं हुई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस मामले में कुल पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से तीन आरोपियों को समता नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था। इसके बाद समता नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है जो पूरे मामले की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और पूरे मामले का खुलासा करेंगे। इसमें जो भी लोग शामिल होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई किया जाएगा।
Tags: