त्योहारों में खाद्य मिलावट रोकने के लिए महाराष्ट्र का बड़ा फैसला
खाद्य मिलावट
मुंबई: त्योहारों के दौरान बढ़ती खाद्य मिलावट की शिकायतों को रोकने के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने पहली बार पूरे साल के लिए खाद्य सुरक्षा कैलेंडर जारी किया है, जिसके तहत प्रमुख त्योहारों से पहले और बाद में खाद्य पदार्थों की जांच और निगरानी की जाएगी। अब हर त्योहार के समय अलग-अलग आदेश जारी करने के बजाय FDA पहले से ही जांच की रणनीति तैयार करेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य मिठाई, दूध, डेयरी उत्पाद, खाद्य तेल और अन्य संवेदनशील खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट पर रोक लगाना है।
त्योहारों के हिसाब से होगी निगरानी
FDA के नए कैलेंडर में गणेशोत्सव, नवरात्रि, दिवाली, ईद, क्रिसमस, नव वर्ष समेत कई बड़े त्योहारों को शामिल किया गया है। इसके अलावा जन्माष्टमी, दहीहांडी, होली, रक्षाबंधन, महाशिवरात्रि और अन्य धार्मिक पर्वों पर भी विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने त्योहारों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर जांच की योजना बनाई है। बड़े त्योहारों के लिए पहले से जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान, नमूना जांच और टीमों की तैनाती की जाएगी।
चार चरणों में चलेगा अभियान
FDA की नई व्यवस्था के तहत खाद्य सुरक्षा अभियान चार चरणों में चलेगा। पहले चरण में त्योहार से करीब तीन सप्ताह पहले संभावित जोखिम वाले खाद्य उत्पादों और क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। दूसरे चरण में उत्पादन केंद्रों, गोदामों, बाजारों और परिवहन व्यवस्था की जांच होगी। तीसरे चरण में त्योहार के दौरान बाजारों, मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी की जाएगी। वहीं चौथे चरण में त्योहार के बाद नमूनों की रिपोर्ट और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इन खाद्य पदार्थों पर रहेगी खास नजर
FDA ने मिलावट की आशंका वाले कई खाद्य पदार्थों को निगरानी सूची में रखा है। इनमें—
दूध और डेयरी उत्पाद
मिठाइयां और खोया
खाद्य तेल
व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ
गिफ्ट पैक खाद्य सामग्री
ऑनलाइन बिकने वाले खाद्य उत्पाद
त्योहारों के दौरान मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले रंग, चांदी का वर्क और खाद्य तेल की गुणवत्ता की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले उत्पादों पर भी नजर रखी जाएगी।
मिलावट करने वालों पर होगी कार्रवाई
FDA का कहना है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों को जब्त किया जाएगा और संबंधित कारोबारियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि पहले से तैयार इस कैलेंडर से जांच प्रक्रिया ज्यादा प्रभावी होगी और त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।