Maharashtra : बर्थडे पार्टी के दौरान फार्महाउस के स्विमिंग पूल में डूबकर युवक की मौत
Maharashtra : महाराष्ट्र के नागपुर के वाठोडा इलाके में स्थित एक फार्महाउस में बुधवार रात स्विमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान 22 वर्षीय प्रांजल नितिन रावले के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार रात करीब 2.0 बजे पंढुर्ना गांव में स्थित एक फार्महाउस में हुई, जहां प्रांजल अपने दोस्त का जन्मदिन मना रहा था।
पुलिस के मुताबिक, प्रांजल तैरना नहीं जानता था और पार्टी के दौरान वह अचानक स्विमिंग पूल में कूद गया। उसके दोस्तों ने शुरू में यह समझा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में जाने लगा। जब दोस्तों ने देखा कि वह गंभीर स्थिति में है, तो उन्होंने उसे किसी तरह से बाहर निकाला। प्रांजल की हालत बहुत बिगड़ चुकी थी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाठोडा थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना दुर्घटनावश हुई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी के अनुसार, इस समय पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा किस प्रकार हुआ|