Maharashtra: भयानक हादसा, बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस पलटी, यात्री घायल
Maharashtra महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के लातूर शहर के पास नंदगांव के पास दोपहर करीब 2:30 बजे अहमदपुर लातूर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस अहमदपुर से लातूर आ रही थी। जैसे ही बस नंदगांव के पास पहुंची तो तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से बचने के लिए चालक ने बस को डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस दौरान भयानक हादसा हुआ और बस पलट गई। इस हादसे में 20 से 25 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए लातूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, यूपी के झांसी जिले में भी आज दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पूंछ थाने के एसएचओ जेपी पाल ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उरई से झांसी की ओर आ रही मोटरसाइकिल को कानपुर रोड पर ढेरी पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल विक्रम कुशवाह (25) और उसके दो वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठी विक्रम की साली गुड़िया (18) गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल गुड़िया को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन दोपहर में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया जाता है कि विक्रम जालौन के बिरशनी स्थित अपनी ससुराल से पारिवारिक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। इस दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।