Maharashtra महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के भिवंडी से बड़ी खबर है, यहां 3 फैक्ट्रियों में भयानक आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। ये तीनों सिलाई कंपनियां हैं। यहां आग मंगलवार शाम साढ़े 6 बजे के बाद लगी, तब तक ज्यादातर लोग काम खत्म करके जा चुके थे। गनीमत रही कि इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आग लगने की खबर मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से कंपनी में रखे कपड़े जलकर खाक हो गए। चश्मदीदों के मुताबिक, मंगलवार शाम को साढ़े 6 बजे के बाद कंपनी बंद होने के चलते अधिकतर लोग चले गए थे, जिसके बाद आग लगाने की घटना घटी है।
अब तक किसी जनहानि की खबर नहीं है, आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल आग की लपटों में घिर गई। अभी तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।शुरुआती जांच के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। कंपनियों में रखे कपड़े, तैयार माल और मशीनरी के जलकर खाक होने की संभावना है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा है। लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए स्थिति बेहद चिंताजनक थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग बुझाने के लिए अतिरिक्त मदद भेजने और क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित करने की मांग की थी।